मुजफ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को कंपनी बाग में शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सकों एवं स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. विनोद कुशवाहा, डॉ. विनीत मिनोचा, डॉ. हृदेश अरोड़ा एवं डॉ. सिद्धार्थ गोयल ने अपने स्टाफ के साथ योग किया। इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी लोगों से नियमित रूप से योग करने की अपील की।डॉ. विनीत मिनोचा ने कहा कि योग हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा है, जिसे हमें प्रतिदिन अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
नियमित योग करने से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है।वहीं डॉ. हृदेश अरोड़ा ने कहा कि योग से शरीर के विभिन्न अंगों को काफी लाभ एवं राहत मिलती है। योग व्यक्ति को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा योग अवश्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान दीपांशु त्यागी सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संकल्प लिया।
