मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में नाबालिग बालिका को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के सामने आए मामले को लेकर भाजपा जिला मंत्री ममता अग्रवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिवार से मिलकर वह भावुक हो गईं और उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग एवं न्याय दिलाने के प्रयास का भरोसा दिलाया।
ममता अग्रवाल ने कहा कि नाबालिग बालिका के साथ इस तरह का जघन्य कृत्य बेहद गंभीर और चिंताजनक है। ऐसे अपराध करने वाले लोग विकृत मानसिकता के शिकार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों के खिलाफ समाज को एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है।उन्होंने कहा, “योगी सरकार में अपराधियों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। कानून के दायरे में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है।”
पीड़ित बच्ची की मां से मुलाकात के दौरान भावुक होते हुए ममता अग्रवाल ने कहा कि परिवार जिस पीड़ा से गुजर रहा है, उसकी कल्पना करना भी कठिन है। उन्होंने कहा कि मां के दुख को साझा करने और कम करने का प्रयास तो किया जा सकता है, लेकिन इतना बड़ा दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
ममता अग्रवाल ने समाजसेवी सुधीर खटीक सहित उन सभी लोगों की सराहना की, जो पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर न्याय की लड़ाई में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि बच्ची को न्याय मिलेगा और समाज के सभी जिम्मेदार लोग मिलकर परिवार का हौसला बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए समाज को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। ऐसे जघन्य अपराधों के खिलाफ सामूहिक आवाज ही अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा कर सकती है।
