S D COLLEGE NEWS
मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एस. डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, मुजफ्फरनगर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का कार्य ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह, बीसीए विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव तायल, हर्षित गोयल, पवन बालियान, लवी, अनन्या शुक्ला, प्राची गर्ग, सुनील कुमार सैनी, ज्योति कश्यप, प्रियंका, प्रशांत गुप्ता, मोनू तथा अनिल सहित अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया। कॉलेज प्रशासन ने इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
