मुजफ्फरनगर में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, चार सीओ का तबादला, दो नए अधिकारियों की तैनाती
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशभर में 200 से अधिक पुलिस उपाधीक्षकों (सीओ) के तबादले किए गए हैं। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर जनपद में भी पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। जिले से चार क्षेत्राधिकारी (सीओ) का स्थानांतरण किया गया है, जबकि दो नए अधिकारियों की तैनाती मुजफ्फरनगर में की गई है।
जारी तबादला सूची के अनुसार मुजफ्फरनगर में तैनात सीओ रविन्द्र प्रताप सिंह, सीओ यतेन्द्र सिंह नागर, सीओ देवव्रत बाजपेयी तथा सीओ डॉ. रवि शंकर मिश्रा का स्थानांतरण कर दिया गया है।
वहीं गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट से सीओ राधा रमन को मुजफ्फरनगर भेजा गया है। इसके अलावा लखनऊ से सीओ विनय द्विवेदी को भी मुजफ्फरनगर में नई तैनाती मिली है।
तबादला सूची के अनुसार सीओ डॉ. रवि शंकर मिश्रा को मुजफ्फरनगर से गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट भेजा गया है, जबकि सीओ देवव्रत बाजपेयी का स्थानांतरण शाहजहांपुर कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार द्वारा किए गए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों के आगमन के बाद जनपद की पुलिस व्यवस्था में नई कार्यशैली और प्रशासनिक दृष्टिकोण देखने को मिल सकता है।
पुलिस विभाग में हुए इन तबादलों को लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।
