मुजफ्फरनगर में बीए छात्र का पेड़ पर लटका मिला शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरला में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में चारा लेने गए 19 वर्षीय बीए छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पॉपुलर के पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरला निवासी वंश (19) पुत्र प्रदीप वाल्मीकि मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपनी गाय के लिए चारा लेने जंगल गया था। करीब 10 बजे एक किसान गन्ने के खेत में दवाई का छिड़काव करने पहुंचा तो उसकी नजर पास स्थित पॉपुलर के बाग में पेड़ से लटके शव पर पड़ी। किसान ने तत्काल गांव के लोगों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान वंश के रूप में की और उसके परिजनों को जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन शव को नीचे उतारकर घर ले आए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के पिता प्रदीप ने बताया कि वंश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और बरला डिग्री कॉलेज में बीए का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की आर्थिक सहायता के लिए टेंट की दुकान पर भी काम करता था। परिवार का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद नहीं था और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वंश ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
सूचना मिलने पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी सदर पवन द्विवेदी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
