MUZAFFARNEWS CRICKET NEWS
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित प्रथम पुलिस चैलेंजर कप क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ पुलिस लाइन मैदान में प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह द्वारा किया गया। टूर्नामेंट के आयोजन सचिव एवं क्रिकेट कोच गौरव सिद्धार्थ ने बताया कि प्रतियोगिता में पुलिस क्रिकेट अकादमी की चार टीमें—पुलिस क्रिकेट अकादमी इंडियंस, चैलेंजर्स, रॉयल्स और सनराइजर्स—भाग ले रही हैं।

टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में पुलिस क्रिकेट अकादमी इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुलिस क्रिकेट अकादमी सनराइजर्स की टीम 22.3 ओवर में 176 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अविश त्यागी ने 51 रन, कप्तान कृष्णा मनचंदा ने 43 रन, दिव्यम शर्मा ने 12 रन और अभी सैनी ने 9 रन का योगदान दिया।
इंडियंस की ओर से कृष्ण धनगर ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट हासिल किए। कार्तिक ने 2 विकेट और प्रणव ने 1 विकेट लिया, जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस क्रिकेट अकादमी इंडियंस की टीम ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के लिए देव चौधरी ने मात्र 43 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 71 रन की शानदार पारी खेली। दिलशीन कौर ने नाबाद 35 रन, अनंत ने 10 रन तथा प्रणव सैनी ने नाबाद 8 रन बनाए।
सनराइजर्स की ओर से कृष्णा मनचंदा और निकुंज ने एक-एक विकेट लिया। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट लेने वाले कृष्ण धनगर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुकाबले में अंपायर की भूमिका अनुभव और रोहन ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी रुद्राक्ष त्यागी ने संभाली। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पर मौजूद रहे और रोमांचक मुकाबले का आनंद लिया।
