Muzaffarnagar
अध्यक्ष उमा त्यागी की अध्यक्षता में हुई बैठक, जनसुविधाओं और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष जोर
बुढ़ाना। नगर पंचायत बुढ़ाना के सभागार में बुधवार को अध्यक्ष उमा त्यागी की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के विकास, जनसुविधाओं और आगामी आयोजनों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से 70 विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में नगर के धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देते हुए ईदगाह, पीर शाह विलायत कब्रिस्तान और कुरैशियों वाले कब्रिस्तान के सौंदर्यीकरण संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टील बेंच, पार्क, फ्रीजर, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनहित से जुड़े कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों एवं बोर्ड सदस्यों ने मेले को व्यवस्थित एवं भव्य रूप से आयोजित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन सहित बोर्ड सदस्य नियम पंवार, इमरान कुरैशी, सलीम, नसीम, योगेश, विनीत शर्मा, कुनाल कुमार, जोगेंद्र जाटव, श्रीमती उषा, सुनीता, पुष्पा, नूरजहां नाज, साबरा, नितिन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष उमा त्यागी ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास, बेहतर मूलभूत सुविधाओं और सभी वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य बुढ़ाना को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करना है, जिसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
