Muzaffarnagar Charthwal
मुज़फ़्फ़रनगर जनपद के चरथावल कस्बे के मुर्दा पट्टी इलाके में एक बार फिर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर धक्का-मुक्की व मारपीट होने लगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग सड़क पर एक-दूसरे से उलझते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग बीच-बचाव का प्रयास करते नजर आते हैं, जबकि कई लोग आपस में हाथापाई और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच विवाद कोई नया मामला नहीं है। इससे पहले भी दोनों गुटों के बीच झगड़ा हो चुका है, जिसके चलते करीब चार दिन पूर्व दोनों पक्षों के लोगों का शांति भंग की आशंका में चालान किया गया था। इसके बावजूद एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और रात में ही दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही मामूली बात को लेकर तनातनी चल रही थी। शुक्रवार रात फिर से दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया।
उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।
