Muzaffarnagar Shop Fire News
मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लुहारी खुर्द में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हलवाई की दुकान में रखे गैस सिलेंडर ने अचानक आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हलवाई की दुकान में रोज की तरह काम चल रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर के पाइप या रेगुलेटर में लीकेज होने के कारण आग लग गई। दुकान से आग की लपटें उठती देख लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सिलेंडर के फटने की आशंका से आसपास के दुकानदार भी सहम गए
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान ग्रामीणों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। दमकल विभाग का इंतजार किए बिना, स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी और रेत की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग को बुझाया और सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला ,राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों की तत्परता की वजह से आग पास की अन्य दुकानों तक नहीं फैल पाई, वरना घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और ग्रामीण हलवाई को सुरक्षा मानकों के प्रति सचेत रहने की सलाह दे रहे हैं।
