UP NEWS UPDATE
कन्नौज।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर चौकी इलाके में नेशनल हाईवे पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी।
बताया जा रहा है कि डीसीएम चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे यह भीषण टक्कर हो गई। हादसे में डीसीएम चालक और ट्रैक्टर चालक दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक का शव वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
वहीं, डीसीएम की पीछे से टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर चालक उछलकर आगे गिर गया और अपने ही ट्रैक्टर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू रूप से बहाल करा दिया।
