MUZAFFARNAGAR S D COLLEGE
मुजफ्फरनगर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के निर्माण के उद्देश्य से भोपा रोड स्थित एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में मंगलवार को भव्य वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर विभिन्न प्रकार के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. श्वेता कौशिक (जिला उपाध्यक्ष, भाजपा मुजफ्फरनगर) ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के लगातार दोहन से पृथ्वी का संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि शलभ कौशिक (अधिवक्ता, सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया एवं पूर्व अध्यक्ष, टैक्स बार एसोसिएशन) ने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक वर्ग पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए तो भविष्य में कई पर्यावरणीय समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण दिया जा सकता है।
कार्यक्रम संयोजक रोहन त्यागी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है। उन्होंने बताया कि अपने पैतृक गांव खुशरोपुर में भी स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

सह-संयोजक के.पी. सिंह एवं प्रशांत गुप्ता ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए और अपने परिवार व समाज में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दोहराया।
