मुजफ्फरनगर। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के गांव पचेंडा स्थित शहीद बच्चन सिंह एवं स्वर्गीय अरुण पहलवान अखाड़ा सेवा समिति युधिष्ठिर अखाड़ा में सपा की ओर से पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुरकाजी विधानसभा की सपा उम्मीदवार डॉ. मोनिका सिंह के नेतृत्व में किया गया। पंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा और उसके सहयोगी नेताओं पर जमकर हमला बोला।
राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा के लोग बेईमानी की राजनीति करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों में बेईमानी की गई, उसी प्रकार की कोशिशें यूपी चुनाव में भी की जा सकती हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची की जांच करने, बूथ कमेटियों को मजबूत करने और गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य मुजफ्फरनगर की सभी छह विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करना है और प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाना है।
पूर्व मंत्री ने सुभासपा अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह जो भी बयान दे रहे हैं, वह भाजपा की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रतिदिन उन्हें भाजपा की ओर से मुद्दे दिए जाते हैं और उसी आधार पर वह बयानबाजी करते हैं। विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा पिछड़ों को निशाना बनाने के लिए पिछड़े नेताओं का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में केशव प्रसाद मौर्य, ओमप्रकाश राजभर और संजय निषाद जैसे नेताओं को पिछड़ों का चेहरा बनाकर रखा गया है, लेकिन वे स्वतंत्र रूप से अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी राजनीतिक बात इन नेताओं के माध्यम से कहलवाती है।
राम आसरे विश्वकर्मा ने राम मंदिर चंदे को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चंदे से जुड़े विवाद को लेकर देशभर में सवाल उठ रहे हैं और जनता जवाब चाहती है। इस मुद्दे पर भाजपा के बड़े नेता चुप्पी साधे हुए हैं और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अन्य बयान दिलवाए जा रहे हैं।
समाजवादी पार्टी में टूट की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का एक-एक विधायक, सांसद, नेता और कार्यकर्ता अखिलेश यादव के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी में किसी प्रकार की टूट की कोई संभावना नहीं है।
उन्होंने नीट परीक्षा और युवाओं के भविष्य का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने लाखों छात्रों को प्रभावित किया है और सरकार इस विषय पर जवाब देने से बच रही है। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुरकाजी विधानसभा की सपा उम्मीदवार डॉ. मोनिका सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लगातार गांवों में संपर्क कर रहे हैं और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
पीडीए पंचायत में क्षेत्र के अनेक सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
