BAGPAT STORY
बागपत। बागपत में टेंट व्यापारी पिता-पुत्र की हत्या के मामले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। फायरिंग कर पिता-पुत्र की जान लेने के आरोपी बदमाश वरुण लुहारी की भी उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को घेर लिया था, उसकी जमकर पिटाई की थी और उसे गोली भी मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात मंगलवार को उस समय हुई जब टेंट व्यापारी और उनका पुत्र बागपत न्यायालय से तारीख पर पेशी के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपी वरुण लुहारी ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में पिता-पुत्र की मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की और उसे गोली भी मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, वरुण लुहारी पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, बलवा, मारपीट और रंगदारी समेत गंभीर धाराओं में कुल 19 मुकदमे दर्ज थे। गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस द्वारा उसकी संपत्ति कुर्क किए जाने के बाद वह देहरादून में रह रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पिता-पुत्र और आरोपी की मौत के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
