CBSEPortal
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के पोर्टल में एक बार फिर तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। सोमवार सुबह 10 बजे से कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए उत्तर पुस्तिका वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन की आवेदन प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन निर्धारित समय पर पोर्टल खुलने के बजाय ‘Under Maintenance’ का संदेश दिखाई देने लगा।
पोर्टल में आई इस तकनीकी समस्या के कारण बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की है और बोर्ड से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।
छात्रों का कहना है कि री-इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका वेरिफिकेशन जैसी समयबद्ध प्रक्रिया में पोर्टल का अचानक ठप हो जाना बेहद गंभीर मामला है। आवेदन की निर्धारित समय सीमा को लेकर भी छात्र चिंतित हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों के बाद कई छात्र अपने अंकों की पुनः जांच कराना चाहते हैं। ऐसे में पोर्टल का तकनीकी कारणों से बंद होना उनकी परेशानी बढ़ा रहा है।
फिलहाल CBSE की ओर से इस तकनीकी गड़बड़ी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। छात्र और अभिभावक पोर्टल के दोबारा सुचारू रूप से शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि लाखों छात्रों से जुड़े महत्वपूर्ण पोर्टल पर इस तरह की तकनीकी समस्या बोर्ड की तैयारियों पर सवाल खड़े करती है। अब सभी की नजर CBSE की ओर से आने वाले आधिकारिक अपडेट पर टिकी हुई है।
