NEET EXAM AND DHARMENDRA PRADHAN
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने कहा है कि National Testing Agency ने NEET-UG पुनर्परीक्षा की नई तारीख 21 जून घोषित कर दी है। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य और उनकी मेहनत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि 3 मई को परीक्षा आयोजित हुई थी और 7 मई को NTA को शिकायत मिली कि कुछ प्रश्न गेस पेपर से मेल खा रहे हैं। इसके बाद NTA और केंद्र सरकार ने तुरंत जांच शुरू की और विभिन्न राज्यों की एजेंसियों से संपर्क किया गया।
उन्होंने कहा कि जब यह स्पष्ट हुआ कि पेपर लीक हुआ है, तब सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया कि किसी भी ईमानदार छात्र का अधिकार प्रभावित न हो।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि परीक्षा माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह लंबी लड़ाई है। सोशल मीडिया के जरिए भ्रम फैलाने और छात्रों को गुमराह करने की कोशिश भी की जाती है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच Central Bureau of Investigation को सौंप दी गई है और CBI ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। धर्मेंद्र प्रधान ने भरोसा दिलाया कि इस बार परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी और सरकार पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है।
