UP News Update Saharanpur सहारनपुर में किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन रक्षक ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
यूनियन के पदाधिकारियों ने आज जिलाधिकारी सहारनपुर को एक ज्ञापन सौंपते हुए चार प्रमुख मांगें रखीं और उन पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
यूनियन ने बताया कि नागल बस स्टैंड पर फ्लाईओवर न होने के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। यातायात सुरक्षा और जनहित को देखते हुए यहां जल्द से जल्द फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता जताई गई।
गन्ना किसानों की समस्याओं को उठाते हुए यूनियन ने कहा कि बजाज शुगर मिल गंगनौली द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद किसानों का गन्ना भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। इससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
यूनियन ने बकाया भुगतान तत्काल कराए जाने की मांग की।इसके अलावा नागल और बढ़ेड़ी क्षेत्र में तालाबों और जोहड़ों पर अवैध अतिक्रमण का मुद्दा उठाया गया।
यूनियन नेताओं ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए अतिक्रमण हटाकर तालाबों के सौंदर्यकरण की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।वहीं पीएम अमृत जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद कई सड़कों को अधूरा छोड़े जाने पर भी नाराजगी जताई गई।
यूनियन का कहना है कि अधूरी सड़कों के कारण किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने इन सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने प्रशासन से समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित और ठोस कदम उठाने की अपील की।
रिपोर्ट : जोगिंदर कल्याण सहारनपुर
