UP NEWS UPDATE
शहर के हाकिमटोला मोहल्ले में स्थित गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा की ओर से रविवार को दशम गुरु श्रीगुरु गोविंद सिंह महाराज का 359वां प्रकाश उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर एक भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बच्चे, बुजुर्ग और युवाओं ने कड़ाके की ठंड के बावजूद उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जुलूस के दौरान आतिशबाजी की गई और फूलों की वर्षा हुई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। शहर के कई इलाकों से गुजरते हुए जुलूस में सैकड़ों भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बैंडबाजों से मधुर संगीत बज रहा था। प्रकाश उत्सव की शुरुआत सुबह नौ बजे अरदास से हुई, जिसके बाद शबद कीर्तन का आयोजन किया गया।
गुरुद्वारे में दिनभर अटूट लंगर चलता रहा। शनिवार दोपहर बारह बजे गुरुद्वारे में बने निशान साहब के वस्त्र बदलकर पूजन किया गया था। रविवार को पंज प्यारों ने पूजा-अर्चना कर निशान साहब को सलामी दी, जिसके बाद भव्य जुलूस रवाना हुआ।
बता दे कि जिलाधिकारी गौरांग राठी के गुरुद्वारा पहुंचने पर कमेटी पदाधिकारियों ने उन्हें सरोपा पहनाकर स्वागत किया। इसके अतिरिक्त, जिला पंचायत अध्यक्ष और विधायक ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर पंज प्यारों का माल्यार्पण किया और जुलूस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जुलूस में कानपुर के लालबंगला और गुरुनानक पब्लिक स्कूल के बच्चों ने रंग-बिरंगी वेशभूषा में इसकी शोभा बढ़ाई।
पंज प्यारों के रूप में वर्तिका शुक्ला, हर्षप्रीत कौर, आस्था चौधरी, आंशिका और स्नेहा, जबकि नन्हें सरदार के रूप में विवान, नवनीध और हरजस अभिनय करते हुए चल रहे थे। बच्चों ने स्लोगन लिखी तख्तियों के माध्यम से विभिन्न संदेश दिए। इनके पीछे गुरु के भक्त रास्ते को झाडू से साफ करते हुए और फूलों का छिड़काव कर रहे थे। गुरु का निशान साहब, सवारी और पंज प्यारे इन्हीं फूलों के ऊपर से गुजर रहे थे। सुखबीर सिंह भाटिया, देवेंद्र सिंह, चरनजीत सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह और कमल दीप सिंह ने पंज प्यारे का किरदार निभाया।
फूलों की महक से चारों ओर का वातावरण सुगंधित हो उठा। जुलूस के पीछे महिलाएं भजन-कीर्तन करते हुए चल रही थीं, जिससे भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। पुरुषों की टोली भी कीर्तन में धन्य गुरु गोविन्द सिंह साहब, वाहु गुरु वाहु गुरु करते हुए जुलूस का नेतृत्व कर रहे थे। जुलूस में रुक-रुक कर आतिशबाजी का प्रदर्शन जमकर हुआ। भक्ति गीत से लोग भक्ति के माहौल में डूबोए हुए थे।
जुलूस गुरुद्वारे से उठकर बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा से सुंदर टाकीज होते हुए छिपियाना चौराहा, कसाई चौराहा से धवन रोड से स्टेशन रोड होते हुए आईबीपी के बाद गुरुद्वारे पहुंचा। गुरुद्वारा सभा अध्यक्ष अरविंदर सिंह की अगुवाई में जुलूस का समापन किया गया। जगह-जगह स्वागत व स्वाल्पाहार का हुआ वितरण-गुरुद्वारे से जुलूस उठकर सब्जी मंडी पहुंचते ही स्वागतों का दौर शुरु हो गया। पंज प्यारों का जगह-जगह लोगों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
चौराहों से गुजरने के दौरान पर लोगों ने जुलूस में शामिल भक्तों को स्वागत के साथ ही स्वाल्पाहार वितरित करते रहे। इनसेटबच्चे रहे आकर्षण का केंद्र-गुरुनानक पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं आकर्षण का केंद्र रहे। प्रकाश उत्सव के जुलूस में स्कूल केबच्चे ने अलग-अलग अभिनय कर विभिन्न रुप रखकर किरदार निभाया।
स्वागत के वक्त लोगों माल्यार्पण करना नहीं भूले। रंगबिरंगी ड्रेस पहने बच्चे लोगों में मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहे और जुलूस की शोभा में चार चांद लगा दिए। इनके हाथों में संदेश लिखी हुई तख्तियां मौजूद थी, जो लोगों को प्रेम का संदेश दे रही थी।
