High Court Bench Protest
मुरादाबाद / मुजफ्फरनगर।
UP NEWS UPDATE पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर मंगलवार को मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर में व्यापक विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस आंदोलन के तहत 50 से अधिक सामाजिक, व्यापारिक और राजनीतिक संगठनों के आह्वान पर मुरादाबाद बंद किया गया, जिसका अधिवक्ताओं के संगठनों ने खुलकर नेतृत्व किया।
मुरादाबाद में अधिवक्ताओं ने सिविल लाइंस क्षेत्र से पैदल मार्च की शुरुआत की, जो कोतवाली सदर, मुगलपुरा कोतवाली होते हुए कोतवाली गलशहीद तक पहुंचा। मार्च के दौरान अधिवक्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की आवश्यकता पर जोर दिया।
विरोध प्रदर्शन के चलते मुरादाबाद के प्रमुख बाजार पूरी तरह बंद रहे, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिवक्ताओं के समर्थन में व्यापारियों ने भी स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और आंदोलन को समर्थन दिया।
वहीं मुजफ्फरनगर में भी हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ता सड़कों पर उतरे। वकीलों के आह्वान पर शहर के प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन को समर्थन दिया और ‘अधिवक्ता एकता जिंदाबाद’ के नारों के साथ सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
विरोध प्रदर्शन के चलते कचहरी के सभी न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप रहे। अधिवक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने के लिए हाईकोर्ट बेंच की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट – अनमोल कुमार, मुजफ्फरनगर
