उन्नाव: कब्र से शव निकालकर दूसरा पोस्टमॉर्टम, हत्या का शक
युवक की मौत पर हत्या का आरोप, उन्नाव में कब्र से शव निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम होगा, DM ने दिए आदेश

ख़बर उन्नाव से है जहां सदर कोतवाली क्षेत्र में फंदे से लटके मिले एक युवक की मौत का मामला फिर चर्चा में है। मृतक की मां ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को युवक का शव कब्र से निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। यह घटना 30 नवंबर को कांशीराम कॉलोनी में हुई थी, जहां दिनेश नामक युवक का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था, जिसमें मौत का कारण ‘हैंगिंग’ बताया गया था। हालांकि, दिनेश की मां फूलकुमारी पत्नी कल्लू ने इस रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की पीट-पीटकर हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पंखे से लटका दिया गया।
बता दे कि फूलकुमारी ने डीएम को बताया कि घटना वाली रात दिनेश मजदूरी का बकाया रुपया मांगने दिनेश राज कश्यप, अभिलाष और बाबू कश्यप के घर गया था। वहां तीनों ने उसके साथ मारपीट की। किसी तरह वह जान बचाकर घर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि आरोपी भी पीछे-पीछे घर आ गए और दोबारा मारपीट की। मां का कहना है कि इसके बाद उसके बेटे की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिलीभगत के चलते शरीर पर मौजूद चोटों को जानबूझकर दर्ज नहीं किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। डीएम के आदेश पर सोमवार सुबह शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया। पुलिस की मौजूदगी में डॉक्टरों की एक विशेष टीम द्वारा दोबारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई गई। वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर जांच प्रक्रिया और निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले का निष्कर्ष
उन्नाव सदर कोतवाली के कांशीराम कॉलोनी में दिनेश गौतम की संदिग्ध मौत का मामला अब दोबारा पोस्टमार्टम पर आकर ठहर गया है। मां फूलकुमारी के हत्या के आरोपों और डीएम गौरांग राठी के सख्त निर्देशों के बाद शव कब्र से निकलवाकर वीडियोग्राफी के बीच जांच हुई। नई रिपोर्ट के आधार पर आरोपी दिनेश राज कश्यप, अभिलाष और बाबू कश्यप पर कार्रवाई होगी, जो पुलिस निष्पक्षता पर सवाल उठा रही है।
