AAP MP Sanjay Singh Moradabad News Rampur News
मुरादाबाद। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोलते हुए उसे ‘वोट चोर’ पार्टी करार दिया है। कड़ाके की ठंड के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रामपुर और मुरादाबाद क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष लोकतंत्र की जड़ों पर सीधा हमला कर रहा है।
संजय सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में करीब साढ़े तीन करोड़ और बिहार में 80 लाख वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वोट काटने की यह प्रक्रिया सुनियोजित है और इसका उद्देश्य जनता से उनके संवैधानिक अधिकार छीनना है। सांसद ने चेतावनी दी कि यदि वोट की ताकत खत्म हो गई, तो संविधान द्वारा दिए गए सभी अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ भी समाप्त हो जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर ‘सत्ता की गर्मी’ में चूर होने का आरोप लगाया। संजय सिंह ने कहा कि आम नागरिकों को ‘घुसपैठिया’ बताकर उनके वोट काटे जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान का अपमान है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि आज प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जनता के सामने इसलिए झुकते हैं क्योंकि जनता के पास वोट की ताकत है। अगर यह ताकत छिन गई, तो देश में अत्याचार और अन्याय का दौर शुरू हो जाएगा। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए अब सड़क पर उतरने का समय आ गया है।
संजय सिंह ने चेताया कि वोट कटने का सीधा असर फ्री राशन, आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर आज चुप रहे, तो कल अधिकार भी नहीं बचेंगे।
