Saharanpur STF Encounter: सहारनपुर।उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिवक्ता आज़ाद अहमद हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश सिराज अहमद को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मुठभेड़ सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई। गोली लगने से घायल सिराज को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसटीएफ को खुफिया सूचना मिली थी कि कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के लोलेपुर गांव निवासी सिराज अहमद किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में पंजाब–हरियाणा बॉर्डर के रास्ते सहारनपुर पहुंचा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने गंगोह क्षेत्र में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख सिराज ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गौरतलब है कि 8 अगस्त 2023 को सुलतानपुर दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता आज़ाद अहमद की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया था। पुलिस जांच में सिराज अहमद को इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी पाया गया था, जो तभी से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी न होने पर उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था और एसटीएफ को उसकी तलाश में लगाया गया था
फरारी के दौरान मार्च 2025 में न्यायालय के आदेश पर सिराज की करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्तियां भी कुर्क की गई थीं। इसके बावजूद वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।
मुठभेड़ स्थल से एसटीएफ ने एक मोटरसाइकिल, दो पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस, चार मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल, एक छोटा बैग और आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार सिराज अहमद का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा रहा है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या, हत्या के प्रयास और रासुका जैसी गंभीर धाराओं में करीब 30 मुकदमे दर्ज थे।
एसटीएफ अधिकारी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि सहारनपुर में हुई मुठभेड़ में सिराज अहमद के घायल होने और बाद में उसकी मौत की पुष्टि हुई है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी पहले ही साझा की जा चुकी थी। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, एसटीएफ जल्द ही प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करेगी और सिराज के नेटवर्क व सहयोगियों को लेकर अहम जानकारियां साझा की जाएंगी।
रिपोर्ट जोगिंदर कल्याण
