सहारनपुर: इमरान मसूद का मनरेगा पर हमला, 100 दिन का आंदोलन
मनरेगा का नाम बदलना गरीब मजदूरों के अधिकारों पर हमला: इमरान मसूद…
सहारनपुर: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि मनरेगा योजना का नाम परिवर्तित किए जाने से सीधे तौर पर गरीब मजदूरों पर नकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र सरकार गांधी और अंबेडकर की विचारधारा को कमजोर करना चाहती है, इसी कारण मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना का नाम और स्वरूप बदला जा रहा है। साथ ही बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के मुद्दे पर केंद्र सरकार की चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कठोर कदम उठाने की मांग की। सांसद इमरान मसूद गुरुद्वारा रोड स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इस अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी का जन्मदिन संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। साथ ही मनरेगा का नाम परिवर्तन किए जाने के विरोध में आगामी 100 दिनों तक आंदोलन चलाने की घोषणा की गई। इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मनरेगा योजना की शुरुआत की थी, जिससे गरीब मजदूरों को रोजगार और सम्मान मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने योजना का नाम बदलने के साथ-साथ अंशदान का अनुपात भी बदल दिया है। पहले जहां केंद्र सरकार का 90 प्रतिशत और प्रदेश सरकार का 10 प्रतिशत अंशदान था, अब इसे 60 प्रतिशत केंद्र और 40 प्रतिशत प्रदेश कर दिया गया है। इससे प्रदेश सरकारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और योजना के बंद होने का खतरा पैदा हो जाएगा। बांग्लादेश के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां हिंदुओं पर हो रहे कथित नरसंहार पर केंद्र सरकार की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है। कांग्रेस सांसद ने मांग की कि केंद्र सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई करे ताकि अत्याचार रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा का नाम परिवर्तन किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और इसके विरोध में गांव-गांव जाकर 100 दिनों तक आंदोलन चलाया जाएगा। इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों को जनता के सामने उजागर कर कांग्रेस संगठन को मजबूत किया जायेगा
निष्कर्ष
सहारनपुर से इमरान मसूद ने मनरेगा नाम परिवर्तन को गरीब मजदूरों पर हमला बताते हुए 100 दिवसीय आंदोलन की कमान संभाली। बांग्लादेश हिंदू अत्याचार पर केंद्र की चुप्पी की कड़ी निंदा की गई। कांग्रेस गांव-गांव जाकर जनता को नीतियों से अवगत कराएगी।
REPORTER-जोगेन्द्र कल्याण
