सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक 52 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान शीतल पुत्र हरिचंद, निवासी ग्राम माया हेड़ी नांगल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शीतल बाइक से जा रहे थे तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में शीतल ने बताया कि कार सवार पुलिस को देखकर भाग रहे थे और इसी दौरान तेज रफ्तार में वाहन पीछे करते समय उन्हें टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शीतल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका, जिस कारण शाम करीब 5 बजे शीतल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
शीतल की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस के अनुसार, कार में सवार लोग संदिग्ध बताए जा रहे हैं और प्रथम दृष्टया वे उत्तराखंड के निवासी हो सकते हैं। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि कार की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर देहात कोतवाली थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
बाइट: व्योम बिंदल, एसपी सिटी, सहारनपुर
(सहारनपुर से जोगेंद्र कल्याण की रिपोर्ट)
