मुज़फ्फरनगर जनपद के पुरकाजी क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख पति धनप्रकाश एवं गांव नूरनगर निवासी मनोज चौहान के बीच उत्पन्न जातिगत विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कर लिया गया है।
इस पूरे प्रकरण में राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंदर सिंह गुर्जर ने निर्णायक, प्रभावशाली और संतुलित भूमिका निभाते हुए समाज में शांति एवं सौहार्द कायम किया।मनोज चौहान की गैरमौजूदगी में आयोजित बैठक में पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबू टॉप ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई।
बैठक के दौरान ब्लॉक प्रमुख पति धनप्रकाश ने समाज के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए विवाद को समाप्त करने की पहल की।इसके पश्चात राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंदर सिंह गुर्जर ने हस्तक्षेप करते हुए जातिगत विवाद को औपचारिक रूप से समाप्त कराने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बैठक केवल जातिगत विवाद के समाधान तक सीमित रही, जिसका उद्देश्य आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना था।
चौधरी रविंदर सिंह गुर्जर ने यह भी अपेक्षा जताई कि दोनों पक्ष भविष्य में अपने व्यक्तिगत विवादों को भी आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझाएंगे और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे। बैठक के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
