कासगंज: रोडवेज हड़ताल से बसें रुकीं, यात्री परेशान!
कासगंज में यातायात प्रभारी के व्यवहार से नाराज़ रोडवेज कर्मियों की हड़ताल
UP NEWS UPDATE :जनपद कासगंज में यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह के कथित अभद्र व्यवहार और बिना वजह चालान काटने के आरोपों को लेकर रोडवेज बस कर्मी हड़ताल पर चले गए। नाराज़ कर्मचारियों ने अपनी बसों को रोडवेज परिसर में खड़ा कर दिया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री बस अड्डे पर घंटों इंतजार करते नजर आए। बस चालक चंदन गुप्ता ने बताया कि एक दिव्यांग युवक बस में चढ़ गया था, जो यात्रियों से पैसे मांग रहा था। उसे बस से जब उतारा जा रहा था, तभी यातायात प्रभारी ने बस का चालान कर दिया।
वहीं रोडवेज कर्मियों का आरोप है कि आए दिन बिना ठोस कारण के बसों के चालान काटे जाते हैं और कर्मचारियों से अभद्र भाषा में बात की जाती है, जिससे उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है। रोडवेज कर्मियों का कहना है कि वे नियमों का पालन करते हैं, लेकिन उन्हें अनावश्यक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। हड़ताल के चलते कई रूटों की बस सेवाएं प्रभावित रहीं और यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। वहीं यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह के मुताबिक आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि कुछ रोडवेज चालक सड़क पर आड़ी-तिरछी बसें खड़ी कर सवारी भरते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है और मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासनिक स्तर पर मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बस संचालन सुचारू रूप से शुरू हो सके और यात्रियों को राहत मिल सके।
निष्कर्ष
कासगंज रोडवेज हड़ताल ने यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह और कर्मचारियों के बीच गहरे मतभेद उजागर कर दिए। 25 हजार के चालान से नाराज चालक-कंडक्टरों ने बसें खड़ी कर तीन घंटे तक संचालन ठप कर दिया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। प्रशासनिक प्रयासों से जल्द समाधान की उम्मीद है ताकि बस सेवाएं सामान्य हो सकें।
