इश्क का काला साया: प्रेमी ने प्रेमिका को मार डाला, 8 महीने बाद खेत से निकला कंकाल!
सजेती (कानपुर):
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के टिकवांपुर गांव में अवैध संबंधों के चलते एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। प्रेमी ने महिला की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को जमीन में दफन कर दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जमीन खोदकर महिला का कंकाल बरामद कर लिया है।
शादी समारोह में न पहुँचने पर हुआ शक मृतक रेशमा (45) अपने पति की मौत के बाद गांव के ही गोरेलाल के साथ रह रही थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब 29 नवंबर को परिवार के एक शादी समारोह में रेशमा शामिल नहीं हुई। उसके बेटे बबलू को माँ के गायब होने पर शक हुआ। जब उसने गोरेलाल से पूछताछ की, तो उसने संदिग्ध जवाब देते हुए कहा कि “अब रेशमा वापस नहीं आएगी।”
पुलिसिया पूछताछ में प्रेमी ने उगला सच बेटे की लिखित शिकायत पर हरकत में आई सजेती पुलिस ने जब गोरेलाल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने रेशमा को मारकर शव को जमीन में गाड़ दिया था।
कंकाल बरामद, फॉरेंसिक जांच जारी एसीपी कृष्णकांत यादव और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में देर रात खुदाई की गई, जहाँ से महिला का कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का बयानः
एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि “आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के सटीक कारणों और समय का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
