इमरान मसूद के विवादित बयान पर हिंदू युवा वाहिनी ने दर्ज कराई शिकायत
मुजफ्फरनगर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद इमरान मसूद के विवादित बयान को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस संबंध में हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रहलाद पाहुजा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर को एक ज्ञापन सौंपते हुए सांसद इमरान मसूद के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
प्रहलाद पाहुजा द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने देश के महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार भगत सिंह की तुलना आतंकवादी भगत सिंह से करते हुए विवादित बयान दिया है, जिससे देशभर के राष्ट्रप्रेमियों की भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि इस तरह का बयान देश के प्रति घोर अपमान है और यह राष्ट्र विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
हिंदू युवा वाहिनी ने इसे देशद्रोह की श्रेणी में बताया है और कहा है कि इस बयान से देश की एकता और अखंडता को ठेस पहुंची है। संगठन ने मांग की है कि सांसद इमरान मसूद के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने की हिम्मत न कर सके।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सरदार भगत सिंह जैसे वीर सपूतों के बलिदान की बदौलत आज देश आजाद है और उनकी तुलना किसी आतंकवादी से करना राष्ट्र का अपमान है। हिंदू युवा वाहिनी ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
