Ghaziabad News
UP NEWS UPDATE गाजियाबाद।
गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां कार सवार बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में प्रॉपर्टी डीलर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
UP NEWS UPDATE जानकारी के अनुसार घायल प्रॉपर्टी डीलर की पहचान मुकुल बंसल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी कार सर्विस कराने के लिए अंकर विहार क्षेत्र स्थित शिवा सर्विस सेंटर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान एक कार में सवार होकर आए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने मुकुल बंसल पर तीन गोलियां चलाईं, जो उनके हाथ और पैर में लगीं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
UP NEWS UPDATE वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले संयुक्त अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
UP NEWS UPDATE पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और आपराधिक मुकदमों से जुड़े विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इलाके में हत्या की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें घायल प्रॉपर्टी डीलर की गवाही अहम मानी जा रही थी।
UP NEWS UPDATE फिलहाल पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट: फारुख
