सैफई: सोशल मीडिया शादी ठगी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर ठगी का नया पैटर्न, ठग चढ़ा पुलिस के हत्थे
UP NEWS UPDATE :इटावा जिले के सैफई थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर अपनी बहन की शादी कराने और मोटा दहेज दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों से संपर्क करता था, भरोसा जीतकर शादी का रिश्ता तय कराने की बात करता था और फिर किसी जरूरत के नाम पर उधार रुपये लेकर रफूचक्कर हो जाता था। आरोपी को उस समय पकड़ा गया, जब वह फिर से ठगी की नीयत से सैफई बाईपास क्षेत्र में पहुंचा था। ठगी का शिकार पीड़ित की सतर्कता और डायल 112 पुलिस की कार्रवाई से वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
ग्राम कछपुरा निवासी गुलशन यादव पुत्र विनोद यादव ने बताया कि शाहजहांपुर जनपद के थाना कांठ क्षेत्र के गांव ओधापूरा निवासी मोनू ठाकुर ने सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क किया था। बातचीत के दौरान आरोपी ने अपनी बहन की शादी कराने का प्रस्ताव रखा और मोटा दहेज मिलने की बात कहकर भरोसा कायम किया। कुछ समय बाद वह स्वयं गांव पहुंचा और परिवार से मुलाकात कर शादी से जुड़ी फोटो दिखाई, जिससे रिश्ते को लेकर किसी को शक नहीं हुआ।
पीड़ित गुलशन यादव के अनुसार आरोपी उसके घर रात भर भी रुका, जिससे परिवार को उस पर पूरा भरोसा हो गया। इसके बाद 31 दिसंबर 2025 को आरोपी ने किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर गुलशन यादव से ऑनलाइन माध्यम से 9 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। रुपये लेने के बाद जब पीड़ित और उसके पिता ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने फोन पर गाली गलौज की और फर्जी मुकदमे में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि इस बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है।
इसके बाद आरोपी ने पीड़ित का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी इसी तरह पहले भी कई युवकों को शादी का झांसा देकर ठगी कर चुका है। कुछ समय बाद आरोपी दोबारा सैफई क्षेत्र में किसी दूसरे व्यक्ति को ठगने की फिराक में पहुंचा। पहले से सतर्क गुलशन यादव ने उसे पहचान लिया और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जिस लड़की की फोटो दिखाकर वह लोगों को शादी का झांसा देता था, वह उसकी बुआ की बेटी थी। लोगों को पूरी तरह विश्वास में लेने के लिए वह लड़की की आवाज में फोन पर बातचीत भी करता था। इसी तरीके से वह लगातार लोगों को ठगी का शिकार बनाता रहा।
इस मामले में पीड़ित की ओर से सैफई थाने में लिखित तहरीर दी गई है। क्षेत्राधिकारी सैफई ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
समाचार का निष्कर्ष
इटावा सैफई में सोशल मीडिया ठगी का पर्दाफाश एक बड़ी कामयाबी है। आरोपी मानवेंद्र की गिरफ्तारी से पीड़ित गुलशन को न्याय मिलने की उम्मीद है तथा अन्य संभावित शिकार सुरक्षित हो गए। यह घटना सोशल मीडिया पर अनजान रिश्तों और पैसे के लेन-देन में सावधानी बरतने की चेतावनी देती है।
रिपोर्टर:- अमित वर्मा इटावा।
मो.9720990222
