गाजियाबाद।थाना टीला मोड़ क्षेत्र अंतर्गत इकबाल कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब किन्नर गैंग द्वारा एक युवक पर लाठी, सरिया और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया।
इस हमले में गुलफान नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब गुलफान इकबाल कॉलोनी में मौजूद था। तभी मोना किन्नर, मुस्कान किन्नर और राकिब अपने कई साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उस पर हमला बोल दिया।
हमलावरों के हाथों में लाठी, सरिया और लोहे की रॉड थीं, जिनसे गुलफान पर ताबड़तोड़ वार किए गए। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।बताया जा रहा है कि हमलावरों ने गुलफान को जान से मारने की नीयत से लगातार पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
इसके बाद घायल गुलफान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।घटना के बाद इकबाल कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोना किन्नर और मुस्कान किन्नर की गैंग पहले भी इलाके में दबंगई, धमकी और मारपीट की घटनाओं में शामिल रही है। लोगों का कहना है कि जबरन वसूली और विरोध करने वालों के साथ मारपीट इस गैंग की आम कार्यप्रणाली बन चुकी है, लेकिन अब तक इनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो सकी है।
पीड़ित पक्ष ने थाना टीला मोड़ में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गुलफान के परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश या वसूली का कोई मामला तो नहीं है।फिलहाल, क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक आरोपियों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उन्हें सुरक्षा का भरोसा नहीं मिल पाएगा।
